शिमला। नशे के अंधेरे से दूर रहकर एक स्वस्थ और सशक्त भविष्य गढ़ने के संकल्प के साथ शिमला के युवाओं ने बड़ी पहल की है। सेंट बीड्स कॉलेज की एनएसएस इकाई ने युवा मामले एवं खेल मंत्रालय और माय भारत, शिमला के सहयोग से “लाइफ स्किल्स माह” के अंतर्गत “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट, अतिथि व्याख्यान और खेल महोत्सव का आयोजन किया।
‘नशे को ना कहें, जीवन को हाँ कहें’
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसडीएम शिमला शहरी सनी शर्मा ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज का दूत बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मादक द्रव्यों की लत केवल सेहत ही नहीं, बल्कि शिक्षा, परिवार, करियर और पूरे भविष्य को तबाह कर देती है। उन्होंने युवाओं को अनुशासन और आत्मबल के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
खेल और योग हैं सबसे बड़ा हथियार
कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे से बचने के व्यावहारिक उपायों पर खुलकर बात की:
निवारक उपाय: राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता नीरज शर्मा ने साथियों के दबाव, तनाव और जिज्ञासा को नशे की बड़ी वजह बताते हुए इससे बचने के आसान और असरदार तरीके साझा किए।
सकारात्मक विकल्प: सामाजिक कार्यकर्ता हंसराज शर्मा ने कहा कि खेल, योग और सकारात्मक गतिविधियां नशे का सबसे बेहतरीन विकल्प हैं और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ती हैं।
जागरूकता की मुहिम: माय भारत शिमला के उप निदेशक विपिन कुमार ने वीडियो प्रस्तुति के जरिए नशे के खतरों को दिखाया और सरकारी प्रयासों की जानकारी दी।
खेल महोत्सव और ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ
व्याख्यान के बाद आयोजित खेल महोत्सव में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और यह संदेश दिया कि फिटनेस और खेल नशे के खिलाफ सबसे मजबूत ढाल हैं। अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त हिमाचल और नशा मुक्त भारत बनाने की सामूहिक शपथ ली।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य सिस्टर रोज़िली टी.एल., एनएसएस संयोजक डॉ. देविना औचोयबुर और शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अश्वनी कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
