शिमला/रोहड़ू: देवभूमि हिमाचल की समृद्ध धार्मिक परंपराओं में एक सकारात्मक और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। नावर क्षेत्र के दरोटी गांव में नगरकोटी माता दरोटेश्वरी के नवनिर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सदियों पुरानी पशु बलि प्रथा को पूरी तरह बंद कर पूर्ण सात्विक और वैदिक विधि से अनुष्ठान संपन्न किया गया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की।
देवता नारायण और माता दरोटेश्वरी की पूजा-अर्चना
इस पावन अवसर पर नावर क्षेत्र के सर्वाधिक प्रतिष्ठित और पूजित देवता नारायण को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने दोनों दैवीय शक्तियों के समक्ष शीश नवाया और प्रदेश व क्षेत्रवासियों की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की।
64 साल बाद हुआ बड़ा धार्मिक अनुष्ठान
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार दरोटी स्थित माता नगरकोटी का मूल स्थान कांगड़ा का नगरकोट है, जहां से सैकड़ों वर्ष पूर्व देवी यहां प्रकट हुई थीं। इससे पहले मंदिर में वर्ष 1962 में शांत यज्ञ हुआ था, जिसके 64 साल बाद अब 20-21 नवंबर को नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इससे पूर्व करीब 25 श्रद्धालुओं के साथ देवी ने नगरकोट, ज्वालाजी और हरिद्वार की पवित्र यात्रा भी की।
‘आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहें युवा’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दोनों मंत्रियों ने कहा कि देवभूमि के कण-कण में देवी-देवताओं का वास है और हमारी संस्कृति पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आधुनिक दौर में दुनिया के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ें, लेकिन अपनी मूल संस्कृति और परंपराओं को भी पीढ़ी दर पीढ़ी संजोकर रखें। साथ ही, दोनों नेताओं ने पिछले 4 वर्षों के विकास कार्यों में आपसी सहयोग के लिए आभार जताते हुए क्षेत्र के विकास में शत-प्रतिशत योगदान देने का संकल्प दोहराया।
राजा वीरभद्र सिंह को किया याद
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि उनके स्वर्गीय पिता और पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह का नावर क्षेत्र से गहरा आत्मिक और राजनीतिक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें भी हमेशा वही प्यार और सम्मान दिया है, जिसके लिए वे सदा आभारी रहेंगे।
समारोह में ग्राम पंचायत टिक्कर के प्रधान चंद्र प्रकाश त्रिलोक्टा, पंचायत समिति रोहड़ू की अध्यक्षा ज्ञानपति देवी, बीडीसी सदस्य अमन चौहान, उप प्रधान ईश्वर चौहान, राजेश रांटा, ओम प्रकाश रांटा, महेंद्र रांटा, प्रेम रांटा, राजिंदर जनारथा सहित मंदिर कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
