शिमला। हिमाचल प्रदेश में अपनी मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षकों का सब्र और संघर्ष अब एक मिसाल बनता जा रहा है। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ (HPPTF) का क्रमिक अनशन शनिवार को 119वें दिन भी निदेशालय, स्कूल शिक्षा शिमला में पूरे जोश और अनुशासन के साथ जारी रहा।

हमीरपुर के भोरंज ब्लॉक के पदाधिकारियों ने संभाली कमान
119वें दिन के क्रमिक अनशन पर जिला हमीरपुर के PTF ब्लॉक भोरंज के पदाधिकारियों ने बैठकर अपने अधिकारों और न्यायोचित मांगों के प्रति एकजुटता दिखाई।

अनशन पर बैठने वालों में शामिल रहे:
शशिपाल: कोषाध्यक्ष, PTF ब्लॉक भोरंज
राजीव कुमार: जिला प्रतिनिधि, PTF भोरंज
मदन लाल: सह सचिव, PTF ब्लॉक भोरंज
रोहित कुमार: संगठन मंत्री, PTF ब्लॉक भोरंज
‘लिखित आदेश जारी होने तक नहीं रुकेंगे कदम’
संघ का कहना है कि 11 नवंबर को शिक्षा निदेशक के साथ हुई बैठक में शिक्षकों की 24 लंबित मांगों पर सहमति बन चुकी है। इसके बावजूद संघ की प्रमुख मांग 23 सितंबर 2025 की ‘न्यू कॉम्प्लेक्स’ संबंधी अधिसूचना को वापस लेना है। पदाधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि केवल मौखिक सहमति से काम नहीं चलेगा—जब तक सरकार और विभाग की ओर से लिखित अधिसूचना जारी नहीं हो जाती, तब तक यह क्रमिक अनशन जारी रहेगा।

134 दिनों से चल रहा है शिक्षकों का महा-आंदोलन
गौरतलब है कि प्राथमिक शिक्षकों के इस आंदोलन को शुरू हुए आज कुल 134 दिन पूरे हो चुके हैं। इसकी शुरुआत 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के रूप में हुई थी, जिसके शिमला पहुंचने और 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में हुए विशाल धरने के बाद से शिक्षा निदेशालय के बाहर लगातार क्रमिक अनशन चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed