शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी नवंबर-दिसंबर महीने में होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखों में टकराव को लेकर सियासत गरमा गई है। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने इस अव्यवस्था के लिए प्रदेश सरकार और भर्ती आयोगों को आड़े हाथों लेते हुए प्रभावित परीक्षाओं को तुरंत रीशेड्यूल करने की मांग की है।
एक ही दिन टकरा रहीं कई अहम परीक्षाएं
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य चयन आयोग (HPRCA), हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट, स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), पुलिस विभाग और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) के बीच आपसी तालमेल की भारी कमी है, जिसका खामियाजा हजारों बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ रहा है:
29 नवंबर को महा-टकराव: इस एक ही दिन पटवारी भर्ती परीक्षा, हाईकोर्ट क्लर्क परीक्षा और HP TET नॉन-मेडिकल की परीक्षा निर्धारित है।
अन्य परीक्षाओं पर भी असर: इसी अवधि में पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट, पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा और HPU की परीक्षाएं भी आयोजित की जा रही हैं।
‘आवेदन शुल्क भरने के बाद परीक्षा छोड़ने को मजबूर न हों युवा’
पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं ने वर्षों की मेहनत के बाद इन परीक्षाओं के लिए आवेदन शुल्क जमा किया है। विभागों की लापरवाही के कारण किसी भी अभ्यर्थी को अपनी कोई परीक्षा छोड़ने के लिए मजबूर करना सरासर अन्याय है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि विधानसभा सत्र के दौरान इस गंभीर विषय पर चर्चा कर छात्रों को तत्काल राहत दी जाए।
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी की तीन प्रमुख मांगें:
1. तत्काल पुनर्निर्धारण: आपस में टकराने वाली सभी परीक्षाओं की तारीखों को तुरंत बदला जाए।
2. पर्याप्त अंतराल: लिखित परीक्षाओं और पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट के बीच कम से कम 3 से 4 दिन का अंतर रखा जाए।
3. साझा परीक्षा कैलेंडर: भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए सभी भर्ती एजेंसियां आपसी समन्वय से एक कॉमन परीक्षा कैलेंडर जारी करें।
