नालागढ़/सोलन, ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन और उत्तर प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (यूपी एफडीए) की संयुक्त टीम ने सोलन जिले के नालागढ़ क्षेत्र के राजपुरा में अवैध दवा निर्माण और भंडारण के ठिकाने का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 67 हजार एंटीबायोटिक टैबलेट, प्रेगाबालिन 300 एमजी के 6,500 कैप्सूल और लगभग 100 किलोग्राम प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
यूपी एफडीए को कुछ घटिया व संदिग्ध नकली दवाइयां मिलने के बाद हुई जांच में इनके तार राजपुरा से जुड़े पाए गए थे। राज्य ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर के निर्देश पर की गई कार्रवाई में बिना वैध लाइसेंस के दवा बनाने की मशीनरी, दवाइयां और अन्य कंपनियों के ब्रांड नाम वाली पैकेजिंग सामग्री मिली। आरोपियों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान मिली सूचना के आधार पर बद्दी और मानपुरा के गुरुमाजरा स्थित दो अन्य इकाइयों की भी जांच की गई। गुरुमाजरा की इकाई में खाद्य सामग्री से जुड़ी गतिविधियां मिलीं और वहां दवाइयों से जुड़ी कोई अनियमितता नहीं पाई गई, जबकि बद्दी की दूसरी इकाई में वैध लाइसेंस के साथ मिली दवाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। डॉ. मनीष कपूर ने कहा कि अवैध दवा कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और सप्लाई चेन की गहन जांच जारी है।
