शिमला/सुंदरनगर/जवाली, ब्यूरो। हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। गुरुवार को शिमला, मंडी और कांगड़ा जिलों में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने 4 किलो 163 ग्राम चरस और 59 ग्राम चिट्टा बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शिमला में दो मामलों में 33 ग्राम चिट्टा बरामद

शिमला पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर दो तस्करों को पकड़ा है। पहले मामले में स्पेशल सेल की टीम ने शोघी क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली, जिसमें रामपुर निवासी संदीप (21) के कब्जे से 27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। न्यायालय ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दूसरे मामले में संजौली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में अमित चौहान की गाड़ी से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद कर उसे गिरफ्तार किया।

सुंदरनगर में चरस और चिट्टे के साथ दो युवक काबू

मंडी जिले के सुंदरनगर में पुलिस ने दो जगहों पर सफलता हासिल की। धनोटू पुलिस ने तरोट बस अड्डे के पास नाकाबंदी के दौरान सीटीयू बस से 1 किलो 91 ग्राम चरस बरामद कर एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य मामले में सुंदरनगर पुलिस ने किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पुंघ बस स्टॉप के समीप एक युवक को 26 ग्राम चिट्टे के साथ काबू किया है।

जवाली में कार से चार किलो से अधिक चरस पकड़ी

जिला पुलिस नूरपुर की टीम ने 32 मील-लंज मार्ग पर नडोली के समीप वाहन चेकिंग के दौरान एक कार की तलाशी ली। कार से 4 किलो 72 ग्राम चरस बरामद होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी मामलों में पुलिस आगामी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed