मंडी/जोगिंद्रनगर, ब्यूरो। मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पांच नाबालिगों सहित छह युवाओं के शव गुरुवार को जब उनके पैतृक गांवों में पहुंचे, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। सिमस, गवाला और दरोब गांवों से एक साथ छह युवाओं की अर्थियां उठने पर हर किसी की आंखें नम हो गईं। त्रिवेणी घाट और कुड्ड श्मशानघाट में एक साथ चिताएं जलने से माहौल बेहद गमगीन रहा और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। मृतकों में चार युवा अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे, जिससे पीड़ित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
धर्मपुर में ब्यास नदी में गिरी कार, दो घायल
उधर, मंडी जिले के ही धर्मपुर क्षेत्र में कोठी पतन के समीप एक कार अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार हेमराज (64) और कृष्ण चंद (34) घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को नदी से बाहर निकाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
