धर्मशाला/शिमला, ब्यूरो। लंबित मांगों को लेकर हिमाचल प्रदेश के पेंशनरों के बढ़ते आक्रोश और लगातार जारी आंदोलन के दबाव में आखिरकार राज्य सरकार ने उन्हें वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। इससे पहले गुरुवार को धर्मशाला के दाड़ी मैदान में विभिन्न विभागों और संगठनों से जुड़े सैकड़ों सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने एकत्रित होकर शक्ति प्रदर्शन किया और सरकार की अनदेखी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पेंशनर नेताओं ने आरोप लगाया कि उनकी जायज मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे प्रदेश भर के पेंशनरों में भारी रोष है। संगठनों ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि आगामी वार्ता में उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इसके तहत पेंशनरों ने जोरावर स्टेडियम में विशाल प्रदर्शन करने और प्रदेश भर में चक्का जाम करने का ऐलान किया है।
