मंडी/जोगिंद्रनगर। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल स्थित लडभड़ोल में मंगलवार देर रात एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया है। यहां लडभड़ोल में गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार चपलू पुल के समीप खड्ड किनारे दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। इस भीषण हादसे में चार नाबालिगों समेत छह दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।

नामकरण समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गवाला निवासी पंकज कुमार की बहन के बच्चे का नामकरण समारोह दरोब गांव में आयोजित किया गया था। सभी छह युवक इस समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात कार्यक्रम से वापस लौटते समय लडभड़ोल पेट्रोल पंप के समीप चालक ने कार (नंबर: HP-29C-5167) से नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी युवक अंदर ही फंस गए। रात का समय होने के कारण किसी को दुर्घटना की भनक नहीं लग पाई।

बाइक सवार की पड़ी नजर, पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू

बुधवार सुबह तक जब युवक घर नहीं लौटे तो चिंतित परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए युवकों को ढूंढ रही थी। इसी बीच बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक की नजर खाई में गिरी कार पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रणजीत कपूर, नायब तहसीलदार और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला।

हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की सूची: सभी मृतक लडभड़ोल तहसील के रहने वाले थे, जिनकी पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. यश राय (14 वर्ष) पुत्र रामलाल, निवासी सिमस

  2. आयुष (19 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार, निवासी सिमस

  3. पंकज (17 वर्ष) पुत्र प्रकाम सिंह, निवासी गवाला

  4. आदित्य (17 वर्ष) पुत्र अजय कुमार, निवासी बलोटू

  5. अर्नव (16 वर्ष) पुत्र नरेंद्र कुमार, निवासी गवाला

  6. अनुज (18 वर्ष) पुत्र नवीन राय, निवासी सिमस

प्रशासन ने दी फौरी राहत, सीएम सुक्खू और जेपी नड्डा ने जताया शोक

तहसीलदार लडभड़ोल डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। वहीं, एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। उधर, इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम सुक्खू ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed