नूरपुर/धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Vigilance Bureau) की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कांगड़ा के नूरपुर तहसील के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी सदवां के प्रभारी, सब इंस्पेक्टर भजन जरयाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सब इंस्पेक्टर पर एक मामले में मदद करने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

केस रफा-दफा करने के लिए मांगी थी घूस

विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता गौरव सिंह, निवासी तहसील नूरपुर ने राज्य सतर्कता ब्यूरो धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि सब इंस्पेक्टर भजन जरयाल ने उनके खिलाफ दर्ज एक मामले की रद्दीकरण रिपोर्ट (Cancellation Report) तैयार करने में मदद करने की एवज में उनसे रिश्वत की मांग की थी। आरोपी ने शुरुआत में 30 हजार रुपये मांगे थे, लेकिन बाद में बातचीत के बाद सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ।

चौकी के भीतर बिछाया गया जाल

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता ब्यूरो की टीम ने आरोपों का सत्यापन किया और आरोपों की पुष्टि होने के बाद बुधवार को एक योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया। योजना के मुताबिक, जैसे ही सब इंस्पेक्टर भजन जरयाल ने पुलिस चौकी सदवां के भीतर शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, वहां पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

विजिलेंस टीम ने आरोपी सब इंस्पेक्टर के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली है। इस संबंध में पुलिस थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो धर्मशाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 13/2026 दर्ज की गई है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed