शिमला। कला, रचनात्मकता और सकारात्मक जीवन-दृष्टि के विविध रंगों को समेटे ‘त्रिवेणी’ चित्रकला प्रदर्शनी का शुक्रवार को शिमला में शुभारंभ हुआ। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने गेयटी थिएटर परिसर के ठाकुर हॉल में चंडीगढ़ के तीन प्रतिष्ठित कलाकारों की इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में राखी उन्नी सिंह, शिल्पी सिंह पटेल तथा के.आर. कोहली की विभिन्न विषयों पर आधारित कलाकृतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

प्रदर्शनी में प्रकृति की सुंदरता, जीवन के संघर्ष, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सरोकारों और सकारात्मक सोच को कलाकारों ने अपनी विशिष्ट शैली में कैनवास पर उतारा है। कलाकृतियां न केवल रंगों और कल्पनाओं का खूबसूरत संगम हैं, बल्कि इनके माध्यम से जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने और परिस्थितियों से जूझते हुए आगे बढ़ने का संदेश भी दिया गया है।

जीवन के संघर्ष और उम्मीद को रंगों में अभिव्यक्ति

उद्घाटन के बाद उपायुक्त अनुपम कश्यप ने प्रदर्शनी में लगाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा कलाकारों की रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘त्रिवेणी’ प्रदर्शनी अपनी विशिष्ट विषयवस्तु और प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है।उन्होंने कहा कि चित्रों में फूलों के माध्यम से खुशहाली, सौंदर्य और सकारात्मक जीवन का संदेश दिया गया है, जबकि समुद्री जहाजों और नावों के चित्र जीवन में आने वाली चुनौतियों, संघर्षों और कठिन परिस्थितियों के प्रतीक के रूप में प्रेरणा देते हैं। जीवन में मुश्किलें आती रहती हैं, लेकिन सकारात्मक सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना कर आगे बढ़ना ही जीवन का सार है।

पारंपरिक खेलों और महिला सशक्तिकरण को मिला स्थान

प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विषयों को भी विशेष रूप से चित्रित किया गया है। कलाकार के.आर. कोहली द्वारा पारंपरिक खेलों को चित्रों के माध्यम से जीवंत करने का प्रयास सराहनीय है। इस तरह की कलात्मक प्रस्तुतियां पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं और खेलों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकती हैं।उपायुक्त ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां स्थानीय लोगों को दूसरे शहरों के कलाकारों की सोच, अनुभव और रचनात्मकता से रूबरू होने का अवसर देती हैं। इससे कला और संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ती है तथा कलाकारों और कला प्रेमियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान के लिए बेहतर मंच तैयार होता है।

कलाकृतियां खरीदने का भी मिलेगा अवसर

‘त्रिवेणी’ प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रकलाएं बिक्री के लिए भी उपलब्ध हैं। कला प्रेमी अपनी पसंद की कलाकृतियां खरीदकर अपने घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के साथ कलाकारों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित कर सकते हैं।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने शिमला के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने पहुंचें और कलाकारों से संवाद कर उनकी कलाकृतियों के पीछे छिपे विचारों एवं भावनाओं को समझें। उन्होंने कहा कि कला को केवल देखने तक सीमित न रखकर उसके संदेश और कलाकार की सोच को समझना भी महत्वपूर्ण है।उन्होंने तीनों कलाकारों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शिमला में इस तरह के कला एवं संस्कृति से जुड़े आयोजन निरंतर होते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed