शिमला। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में एक प्रशासनिक तैनाती को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सिविल अस्पताल (CH) सुजानपुर में तैनात एक डेंटल मेडिकल ऑफिसर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय हमीरपुर में प्रोग्राम ऑफिसर/ओएसडी नियुक्त किए जाने के फैसले के खिलाफ हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (HMOA) ने मोर्चा खोल दिया है। 17 नवंबर 2026 को जारी इस आदेश को एसोसिएशन ने अपने कैडर की सीधी अनदेखी करार देते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है।

वरिष्ठता और पात्रता पर उठाए गंभीर सवाल

HMOA के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अंकुश ठाकुर और महासचिव डॉ. विकास ठाकुर ने सरकार और विभाग के इस निर्णय पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में पहले से ही कई वरिष्ठ और अनुभवी मेडिकल ऑफिसर मौजूद हैं, जो प्रोग्राम ऑफिसर जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह पात्र हैं। ऐसे में मेडिकल ऑफिसर कैडर को दरकिनार कर किसी दूसरे प्रोफेशनल कैडर (डेंटल) के अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपना बेहद निराशाजनक है। एसोसिएशन के मुताबिक, इस तरह के फैसलों से फील्ड में दिन-रात काम कर रहे मेडिकल ऑफिसर्स का मनोबल गिरता है और विभाग में असंतोष पैदा होता है।

व्यक्ति विशेष से नहीं, व्यवस्था से है विरोध

एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनका यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि गलत प्रशासनिक प्रक्रिया और नीति के विरुद्ध है। HMOA ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। एसोसिएशन की मांग है कि 17 नवंबर के आदेश पर तुरंत पुनर्विचार कर सीएमओ हमीरपुर कार्यालय में मेडिकल ऑफिसर कैडर के ही किसी वरिष्ठ और योग्य अधिकारी को तैनात किया जाए, तथा भविष्य में भी कैडर नियमों और वरिष्ठता का पूर्ण सम्मान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed