शिमला। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में तापमान शून्य से काफी नीचे चले जाने के कारण झरनों, झीलों और प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जमने लगा है। मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस और केलांग में माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 23 नवंबर तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा तथा इस दौरान बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। हालांकि शिमला और मनाली सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिन के समय धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट आने से प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय हिस्सों में भी ठिठुरन बढ़ गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट आई है और आठ मौसम केंद्रों—पालमपुर, मंडी, नाहन, चंबा, केलांग, सोलन, भुंतर व शिमला—में रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो कल्पा में 1.1, मनाली में 2.8, सोलन में 4.4, सुंदरनगर व कुफरी में 5.5, चंबा में 6.0, मंडी में 6.1, पालमपुर में 6.5 और राजधानी शिमला में 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कांगड़ा में 8.2, ऊना में 8.5, बिलासपुर में 9.0, नाहन में 10.8, धर्मशाला में 12.6 तथा पांवटा साहिब में 17.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed