Spread the love

चंबा। क्षेत्र में आज एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही पलों में धरती कांपना बंद हो गई और लोग घरों में वापस आए। हालांकि, इस दौरान जान माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। जिला में बार-बार भूकंप के झटके आने से लोग बुरी तरह से सहम गए हैं। मौसम विभाग शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि भूकंप के झटके दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर चार मापी गई और केंद्र चंबा क्षेत्र में जमीन से 19 किलोमीटर नीचे रहा।
उन्होंने कहा कि भूकंप की वजह से चंबा जिले में जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। इससे पहले गत छह अप्रैल को भी चंबा में भूकंप का हल्का झटका महसूस हुआ था, जिसका केंद्र जमीन से मात्र दो किलोमीटर की गहराई पर था। चंबा में पिछले कुछ महीनों से लगातार भूकंप के झटके लग रहे हैं। मार्च माह के आखिरी दिनों में 23 बार भूकंप आने से लोग सहम गए थे। एक दिन में छह झटके लगने से लोगों में दहशत फैल गई थी।

You missed