Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रोहडू के चिडग़ांव में जनसभा को संबोधित करते हुए सेब का खरीद मूल्य और दूध का समर्थन मूल्य बढ़ाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा किपहली दिसंबर से दूध का समर्थन मूल्य 51 से बढ़ाकर 61 रुपए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में दूध के दाम में बहुत कम वृद्धि होती थी, जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने दूध के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है और आने वाले समय में इसमें और वृद्धि से पशुपालकों की आय में बढ़ोतरी होगी। सीएम सुक्खू ने मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) के तहत खरीदे जाने वाले सेब के खरीद मूल्य में भी एक रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए कहा कि अब एमआईएस के तहत सेब 12 रुपए के स्थान पर 13 रुपए प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार गांवों की सरकार है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सेब बागबानों को लाभान्वित करने के लिए राज्य सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था लागू की है तथा प्राकृतिक खेती के उत्पादों को भी समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की घटती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार ने 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले हैं। रोहडू के एक स्कूल में सीबीएसई व्यवस्था लागू होने के बाद एक ही वर्ष में विद्यार्थियों की संख्या में 500 से अधिक की वृद्धि हुई है। सीएम ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर प्रदेश की संपदा को आम लोगों के हित में उपयोग कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के समय उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया गया, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार गरीब और आम लोगों के हित में प्रदेश की संपदा का उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक वह मुख्यमंत्री के पद पर हैं, प्रदेश की संपदा को न लूटने दिया जाएगा और न ही लुटने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने संदासू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्तरोन्नत कर सिविल अस्पताल बनाने, समरकोट में सब-तहसील खोलने, चिडग़ांव में एसडीएम कार्यालय खोलने के लिए सर्वे करवाने तथा जांगला और चिडग़ांव स्कूलों को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा की। इससे पहले स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह रोहडू विधानसभा क्षेत्र का चौथा दौरा है और क्षेत्र की जनता ने सरकार से जो भी मांग रखी, उसे पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और क्षेत्र की विकासात्मक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की आय में वृद्धि हुई है तथा क्षेत्र में दूध उत्पादन को भी बढ़ावा मिला है।

ओपीएस के दायरे में और कर्मचारी भी आएंगे

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है और आने वाले समय में और कर्मचारियों को इसके दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए मासिक पेंशन प्रदान की जाएगी तथा पात्र परिवारों को 300 यूनिट बिजली भी उपलब्ध करवाई जाएगी। आपदा के दौरान प्रदेश में 23 हजार घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए, जिनके लिए वर्तमान कांग्रेस सरकार ने आर्थिक सहायता को डेढ़ लाख रुपए से बढ़ाकर साढ़े सात लाख रुपए किया और अब इसे बढ़ाकर आठ लाख रुपए कर दिया गया है। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर, पंचायत प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed