Spread the love

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने कांगड़ा जिले में संगठनात्मक स्तर पर कार्रवाई करते हुए पांच ब्लॉक अध्यक्षों को उनके पदों से निलंबित कर दिया है। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव (संगठन) आर्यन चौहान की ओर से जारी निलंबन नोटिस में यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है। नोटिस के अनुसार 21 सितंबर को धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस की राज्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु छिब भी मौजूद थे। नोटिस में कहा गया है कि संबंधित सभी ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक में उपस्थिति अनिवार्य थी। लेकिन कांगड़ा जिले के पांच ब्लॉक अध्यक्ष बिना उपस्थिति सुनिश्चित किए बैठक से अनुपस्थित रहे।

निलंबित किए गए पदाधिकारियों में देहरा से सुमित ठाकुर, जयसिंहपुर से जतिन, जवाली से सोनू धीमान, नगरोटा से मोहिंद्र सिंह और नूरपुर से अनुराग मल्होत्रा शामिल हैं। युवा कांग्रेस के नोटिस में इन पदाधिकारियों को उनके संगठनात्मक पदों से हटाने के लिए बैठक में अनुपस्थिति के साथ-साथ लगातार निष्क्रियता और गैर-प्रदर्शन का भी उल्लेख किया गया है। कार्रवाई से कांगड़ा जिले में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव के संकेत मिले हैं। नोटिस में बताया गया है कि यह निर्णय भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव एवं राज्य प्रभारी शेष नारायण ओझा, आईवाईसी सचिव एवं राज्य सह प्रभारी ज्योतिष एचएम तथा हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर की मंजूरी से जारी किया गया है। आर्यन चौहान ने पांचों ब्लॉक अध्यक्षों के निलंबन की पुष्टि की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed