सोलन : 1-2 जून को देश के सभी केवीके के वैज्ञानिक सहित 1200 प्रतिभागी नौणी विवि में पहुंचेंगे। भारत के कृषि विज्ञान केन्द्रों का 12वां राष्ट्रीय द्विवार्षिक सम्मेलन 2022 जून 1-2 को डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी, सोलन (हिमाचल प्रदेश) में आयोजित किया जाएगा। जिसमे माननीय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में इस सम्मलेन का उद्घाटन करेंगे। वहीं हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। व गुजरात के माननीय राज्यपाल आचार्य देवव्रत
कार्यक्रम की अध्यक्षता करेगें। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री सुश्री शोभा करांदलाजे भी इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के उप-महानिदेशक (कृषि विस्तार) डॉ ऐ. के. सिंह और डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल ने आज नौणी में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मलेन
में पूरे देश से लगभग 1200 कृषि वैज्ञानिक जिनमें देश के हर जिले में स्थित कृषि विज्ञान केन्द्रों के अध्यक्ष, प्रसार शिक्षा निदेशक, अटारी के निदेशक, देश के विभिन्न कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों,भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के महानिदेशक एवं सभी उप महनिदेशक हिस्सा लेंगे।

नीति आयोग सहित देश के विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि भी इस दो दिवसीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस सम्मेलन का मुख्य विषय “प्राकृतिक खेती” रखा गया है क्योंकि आने वाले समय में इस कृषि पद्धति
की ओर किसानों का रुझान और बढ़ेगा इसलिए सम्मेलन का विषय आज के परप्रेक्ष में सबसे ज्यादा सही बैठता है। “जहां एक ओर हम इस विधि से गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं फल सब्जियों का उत्पादन कर सकते हैं तो वहीं दूसरी ओर पर्यावरण का भी संरक्षण में योगदान दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक खेती की कम लागत से किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इस सम्मलेन में देश के
विभिन्न हिस्सों से आमंत्रित किसान भी अपना प्राकृतिक खेती का अनुभव साझा करेगें।

प्रोफेसर चंदेल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस कृषि को बढ़ावा देने के लिए कुछ वर्ष पूर्व प्राकृतिक कृषि खुशहाल किसान योजना शुरू की थी। इस योजना कि सफलता का आंकलन आप इस बात से लगा सकते हैं कि कुछ ही समय में आज 1.70 लाख से अधिक किसान इस मुहिम का हिस्सा बन चुके है और मृदा एवं पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित खाद्य उत्पाद बनाने
में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। विश्वविद्यालय भी इस कृषि पद्धति पर गहन अनुसंधान कार्य कर रहे ताकि किसानों की कम लागत में अच्छी उपज प्राप्त हो सके।

आपको बता दें कि 2 जून को इस सम्मेलन के समापन सत्र में भारत के माननीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री परषोत्तम रुपाला, माननीय कृषि राज मंत्री श्री कैलाश चौधरी सहित हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल श्री राजेंद्र विश्वनाथ आकर शामिल होंगे। वहीं इस सम्मेलन का सीधा प्रसारण विभिन्न सोशल मीडिया जैसे फेस्बूक, यूट्यूब सहित रेडियो आदि पर किया जाएगा जिससे अधिक से अधिक संख्या में लोग इस कार्यक्रम से फायदा उठा सके।

सम्मलेन में आये सभी प्रतिभागियों को सोलन के आसपास प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के खेतों का भ्रमण करवाया जाएगा। इस सम्मलेन में आये सभी केवीके के प्रतिनिधि अपने-अपने जनपदों के किसानों के बीच प्राकृतिक खेती का प्रचार प्रसार करेंगें।

You missed