तीसा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अगले माह से चुराह हल्के की 15 हजार महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए मिलने शुरू हो जाएंगे। उन्होंने चुराह विधानसभा क्षेत्र के चार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिमगिरी, थल्ली, झज्जाकोठी तथा मसरूंड को सीबीएसई से संबद्ध करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त चुराह में विभिन्न पंचायतों के लिए सडक़ निर्माण के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की गई। वह बुधवार को चुराह के भंजराडू कला मंच पर आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले माह से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इस योजना के तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली तथा स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना से चुराह विधानसभा क्षेत्र की लगभग 15 हजार महिलाएं लाभांवित होंगी।

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल, सीबीएसई से संबद्ध विद्यालय, शिक्षा के उत्कृष्ट संस्थान, पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति आदि ठोस कदम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो से तीन सीबीएसई स्कूल खोले हैं तथा सरकार ने मेरिट के आधार पर 2,700 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की है। सरकार प्रदेश में 100 से अधिक और सीबीएसई स्कूल खोलने जा रही है। इस अवसर पर कांग्रेस के महासचिव तथा स्थानीय वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना ने कहा कि चुराह विधानसभा क्षेत्र को पहले पिछड़ा विधानसभा क्षेत्र माना जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल आपूर्ति सहित सभी क्षेत्रों में इसका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है। इस अवसर पर सदर विधायक नीरज नैयर, पूर्व विधायक आशा कुमारी व सुरेंद्र भारद्वाज, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट और जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed