शिमला। दिल्ली में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में दिखाया दम, अंडर-19 बालक वर्ग में हासिल किया पहला स्थान; अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए भी कर चुके हैं क्वालीफाई हिमाचल प्रदेश के उभरते निशानेबाज हरितविक जिष्टू ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। दिल्ली में 24 से 26 अक्तूबर तक आयोजित डीएवी राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में हरितविक ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के अंडर-19 बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।रामपुर क्षेत्र की सरपारा पंचायत के रहने वाले हरितविक जिष्टू वर्तमान में डीएवी स्कूल लक्कड़ बाजार, शिमला में 11वीं कक्षा के छात्र हैं। वह इंदिरा गांधी हिमाचल प्रदेश राज्य खेल परिसर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता में डीएवी हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया और शानदार निशानेबाजी करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
हरितविक राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज हैं और भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए भी क्वालीफाई कर चुके हैं। इससे पहले भी वह इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता और राज्यस्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में कई पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत और निशानेबाजी से जुड़े खिलाड़ियों में खुशी की लहर है।हिमाचल प्रदेश राज्य राइफल संघ के महासचिव ईश्वर रोहल, इंदिरा गांधी हिमाचल प्रदेश राज्य खेल परिसर के प्रभारी अनुराग वर्मा और शूटिंग कोच रविंद्र प्रकाश ने हरितविक जिष्टू को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरितविक भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed