Spread the love

शिमला। बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में डॉटर्स डे पर रोटरी क्लब शिमला ने महत्वपूर्ण पहल की। क्लब की ओर से गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पोर्टमोर में डीडीयू अस्पताल शिमला के सहयोग से एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एक ही दिन 53 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। रोटरी क्लब के अनुसार, शिमला जिले में एक ही एचपीवी टीकाकरण शिविर में बालिकाओं के टीकाकरण का यह अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इससे पहले एक शिविर में 36 बालिकाओं के टीकाकरण का रिकॉर्ड था।

डॉटर्स डे पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को एचपीवी से होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करना और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण को बढ़ावा देना रहा। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बालिकाओं को एचपीवी संक्रमण और टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी।

रोटरी क्लब शिमला के अध्यक्ष आरटीएन अर्जुन गोयल ने शिविर की सफलता के लिए डीडीयू अस्पताल की चिकित्सा टीम, स्कूल प्रशासन, स्वास्थ्यकर्मियों, रोटेरियंस, स्वयंसेवकों और टीम अनस्टॉपेबल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए ऐसे जागरूकता व टीकाकरण अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed