शिमला। युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसडीएम, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 15 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे के खिलाफ जनभागीदारी मजबूत की जाएगी।

30 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन, 998 टीमें तैयार

प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आयु सत्यापन आधार कार्ड के जरिए किया जाएगा। पहले खंड स्तर, फिर जिला स्तर और उसके बाद राज्य स्तर पर मुकाबले होंगे। शिमला जिले में अब तक 998 टीमें पंजीकरण करवा चुकी हैं। इच्छुक टीमें 30 नवंबर, 2026 तक [https://khelohimachal.hp.gov.in](https://khelohimachal.hp.gov.in) पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं।

ये खेल होंगे शामिल, फुटबॉल और बास्केटबॉल भी जुड़े

पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए 08 मुख्य खेल विधाएं निर्धारित की गई हैं:

  • क्रिकेट, बैडमिंटन (एकल एवं युगल), हॉकी और कबड्डी

  • रस्साकशी, वॉलीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स (100, 200 एवं 400 मीटर दौड़)

इसके अलावा फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है, जिनकी संशोधित पुरस्कार राशि प्रभारी मंत्री की स्वीकृति के बाद तय होगी।

लाखों रुपये की नकद पुरस्कार राशि

पुरुष और महिला वर्ग के लिए समान इनाम राशि रखी गई है:

  • उपमंडल स्तर: प्रथम को 51 हजार, द्वितीय को 41 हजार और तृतीय को 31 हजार रुपये।

  • जिला स्तर: प्रथम को 2 लाख, द्वितीय को 1.50 लाख और तृतीय को 1 लाख रुपये।

  • राज्य स्तर (6 मुख्य खेल): प्रथम को 31 हजार, द्वितीय को 15 हजार और तृतीय को 10 हजार रुपये।

  • राज्य स्तर (कुश्ती व रस्साकशी): प्रथम को 11 लाख, द्वितीय को 5 लाख और तृतीय को 3 लाख रुपये।

15 दिसंबर को मेगा लॉन्च, 16 को सुन्नी में शुरुआत

अभियान का मेगा उद्घाटन समारोह 15 दिसंबर, 2026 को धर्मशाला (कांगड़ा) में होगा, जबकि 16 दिसंबर से उपमंडल स्तर पर मुकाबले शुरू होंगे। शिमला जिले में इसका उद्घाटन 16 दिसंबर को सुन्नी उपमंडल में प्रस्तावित है। जिले के विभिन्न उपमंडलों में खेल स्थल भी तय कर दिए गए हैं—जैसे सुन्नी में जीएसएसएस सुन्नी, शिमला शहरी में पुलिस ग्राउंड भराड़ी, विवि ग्राउंड समरहिल व चौड़ा मैदान, शिमला ग्रामीण में जीएसएसएस जुन्गा, रोहड़ू में समाला स्टेडियम, रामपुर में पीजीयूएसएसएस रामपुर, दत्तनगर व जीबीएम कॉलेज, चौपाल में कॉलेज ग्राउंड नेरवा व जीएसएसएस चौपाल, जुब्बल में सावड़ा कॉलेज व जुब्बल स्टेडियम, कोटखाई में एचपीसीए अकादमी गुम्मा व डीएवी कॉलेज, कुपवी में मुख्य कुपवी ग्राउंड व खून कुपवी, डोडरा क्वार में जीएसएसएस व हेलिपैड क्वार, कुमारसैन में कोटेश्वर महादेव ग्राउंड तथा ठियोग में जीएसएसएस संधू व सरोग मैदान।बैठक में एडीसी सचिन शर्मा, एएसपी गौरवजीत सिंह, एसडीएम शहरी सन्नी शर्मा, एसडीएम ग्रामीण कार्तिकेय शर्मा, सीएमओ डॉ. यशपाल रांटा और जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी राकेश धौता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed