जुब्बल/शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल के कठासू निवासी युवा पर्वतारोही सचिन गांगटा को पर्वतारोहण के क्षेत्र में उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सचिन गांगटा जैसे युवा अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं तथा उनकी सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

नशे से दूर रहकर सकारात्मक लक्ष्य साधने का आह्वान

शिक्षा मंत्री ने कहा कि युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए चिंता का विषय है। ऐसे दौर में सचिन की उपलब्धि साहस, सकारात्मक सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति का मिसाल पेश करती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी बुराइयों से बचें और अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा, साहसिक गतिविधियों व रचनात्मक कार्यों में लगाएं।

‘प्रोजेक्ट चांगथांग’ में 21 दिन में 25 चोटियों पर चढ़ाई

सचिन गांगटा और उनकी टीम ने सितंबर 2026 में लद्दाख के दुर्गम चांगथांग क्षेत्र में ‘प्रोजेक्ट चांगथांग’ के तहत महज 21 दिनों में 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 25 चोटियों पर चढ़ाई कर खास उपलब्धि हासिल की:

  • 10 से 30 सितंबर तक चले इस अभियान में सचिन ने गाइड व पर्वतारोहण साथी पद्मा नामग्याल के साथ 200 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की और 18,000 मीटर से अधिक संचयी ऊंचाई हासिल की।

  • इस दौरान सबसे ऊंची चोटी चालुंग नॉर्थ (6,405 मीटर) रही, इसके अलावा पोलागोना और स्पांगनाक कांगरी नॉर्थ जैसी चोटियों पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई की गई।

  • सचिन ने अपनी जन्मतिथि 25 फरवरी से प्रेरित होकर 25 चोटियों का लक्ष्य रखा था और इस उपलब्धि को इंडिया वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सहित अन्य रिकॉर्ड संस्थाओं के समक्ष सत्यापन के लिए भेजा गया है।

15 साल का अनुभव, 41 से ज्यादा चोटियों का आरोहण

पर्वतारोहण में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले सचिन गांगटा ‘हिमालयन जिप्सी’ के संस्थापक हैं और TrekYaari से भी जुड़े हैं। वे अब तक 6,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 41 चोटियों और 7,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली एक चोटी (नुन चोटी सहित) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed