राजगढ़/सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में फर्जी कृषि प्रमाणपत्र के जरिए जमीन खरीदने के गंभीर मामले में पंजाब के मोहाली निवासी संदीप कुमार के खिलाफ राजगढ़ पुलिस थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी की एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी पर मंडी जिले के एक व्यक्ति की पहचान और पारिवारिक विवरण का दुरुपयोग कर खुद को हिमाचली किसान दर्शाने और प्रदेश के विभिन्न जिलों में जमीन खरीदने का आरोप है। पुराना मामला होने के कारण पुलिस ने आईपीसी की धारा 465, 468, 471, 420 और 120बी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरटीआई और राजस्व रिकॉर्ड से सामने आई जालसाजी
शिमला जिले के चौपाल निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2023 और जनवरी 2024 में मोहाली के एक प्रॉपर्टी डीलर के माध्यम से उनकी संदीप से पहचान हुई थी, जिसने खुद को मंडी जिले के बहरी गांव का निवासी बताया। इसके बाद 26 मार्च 2024 को राजगढ़ तहसील के नई नेटी गांव में 7 बीघा 16 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई। शिकायतकर्ता ने अक्तूबर 2026 में अपने भाई के साथ सरकाघाट तहसीलदार कार्यालय और ग्राम पंचायत संधोट पहुंचकर आरटीआई, जमाबंदी और राजस्व व पंचायत रिकॉर्ड जुटाया, जिसके मिलान में कृषि प्रमाणपत्र की पहचान और पारिवारिक विवरण में भारी विसंगतियां सामने आईं।
कंडाघाट, पांवटा साहिब और सुन्नी में भी खरीदी जमीन
आरोप है कि सरकाघाट तहसीलदार कार्यालय से 19 मार्च 2024 को जारी हुए कृषि प्रमाणपत्र को हासिल करने के लिए मंडी निवासी सुरजीत कुमार की पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया, जबकि दोनों के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। शिकायत में सोलन के कंडाघाट, सिरमौर के पांवटा साहिब और शिमला के सुन्नी में भी 5 जून, 27 जून और 3 जुलाई 2024 को जमीन की रजिस्ट्री करवाने तथा कुछ संपत्तियां बेटे वंश लूथरा के नाम हस्तांतरित करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस जांच जारी, धारा-118 से जुड़ा संवेदनशील मामला
एएसपी नरेंद्र कुमार ने पुष्टि की कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में भू-राजस्व कानून की धारा-118 के तहत कोई भी गैर-कृषक सरकार की बिना अनुमति जमीन नहीं खरीद सकता है, और कृषक प्रमाणपत्रों के कथित दुरुपयोग का यह मुद्दा प्रदेश विधानसभा सत्र में भी उठ चुका है।




