शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के सेवन और तस्करी में लिप्त करीब 12 हजार लोग चिह्नित किए गए हैं। राज्य स्तरीय एनकोर्ड (नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर) की बैठक में यह आंकड़ा सामने आने के बाद अब नशे की चपेट में आए लोगों को काउंसलिंग, उपचार और पुनर्वास से जोड़ने की व्यापक तैयारी की गई है। इसके लिए पंचायत स्तर से लेकर जिला अस्पताल तक व्यवस्था बनाई जा रही है, वहीं संवेदनशील इलाकों में निगरानी और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का फैसला भी लिया गया है।
246 पंचायतें अत्यधिक नशा प्रभावित, पुलिस व सीआईडी की विशेष नजर
पुलिस ने अन्य विभागों के सहयोग से पंचायतों को रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों में बांटकर पहचान की प्रक्रिया पूरी की है, जिसमें 246 पंचायतें अत्यधिक नशा प्रभावित मिली हैं। इन पंचायतों में पुलिस और सीआईडी की विशेष निगरानी व तैनाती की जा रही है। पंचायत स्तर पर आशा और स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रभावित व्यक्ति व परिवार से संपर्क कर शुरुआती जानकारी जुटाएंगे, पीएचसी और सीएचसी में प्रशिक्षित काउंसलर परामर्श देंगे, जबकि जिला अस्पतालों में मनोचिकित्सक, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट व काउंसलर गंभीर मामलों का आकलन करेंगे।
पांच चरणों में नशे से बाहर निकालने की योजना
प्रभावित लोगों को नशे से बाहर निकालने के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पांच चरणों की प्रक्रिया तय की गई है:
-
पहला चरण: प्रभावित व्यक्ति की पहचान कर गोपनीय जानकारी जुटाना।
-
दूसरा चरण: व्यक्तिगत परामर्श के जरिए नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करना।
-
तीसरा चरण: सामान्य मामलों में ओपीडी उपचार और गंभीर मामलों को अस्पताल या नशामुक्ति केंद्र भेजना।
-
चौथा चरण: विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार।
-
पांचवां चरण: नियमित काउंसलिंग, परिवार के सहयोग और रोजगार या कौशल विकास से जोड़कर दोबारा नशे की ओर जाने से रोकना।
पुनर्वास केंद्रों का विस्तार, सरकारी भर्ती में ड्रग टेस्ट की दिशा में कदम
जरूरत पड़ने पर मरीजों को नशामुक्ति केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा। मशोबरा में महिलाओं के लिए पुलिस संचालित नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित किया गया है, जबकि टांडा और बिलासपुर में बने नशामुक्ति केंद्रों का संचालन व प्रबंधन भी पुलिस को सौंपा जाएगा। इसके अलावा सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान ड्रग टेस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं। हिमाचल के डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर स्वास्थ्य व अन्य विभागों के साथ मिलकर यह व्यवस्था लागू की जा रही है और नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार व पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा में वापस लाना सरकार की प्राथमिकता है।




