शिमला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ती ठंड के बीच अब मैदानी और निचले इलाकों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के तीन जिलों— बिलासपुर, मंडी और हमीरपुर में सुबह और देर रात घना कोहरा छाने की संभावना जताते हुए 25 नवंबर तक अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) कम रहने से सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है, ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन क्षेत्रों में दिखेगा कोहरे का सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग के अनुसार कोहरे का सबसे अधिक प्रभाव सुबह के समय इन इलाकों में देखने को मिल सकता है:

  • बिलासपुर: भाखड़ा बांध जलाशय के आसपास के क्षेत्र।

  • मंडी: बल्ह घाटी और आसपास के इलाके।

  • हमीरपुर: सुजानपुर टीहरा व साथ लगते क्षेत्र।

29 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं

पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में 29 नवंबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। 26 नवंबर से कोहरे को लेकर भी फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है तथा 27 से 29 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में अगले चार-पांच दिनों तक बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

कुकुमसेरी सबसे ठंडा, ऊना सबसे गर्म

बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश भर में मौसम साफ रहा। सोमवार को लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रविवार को ऊना में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed