शिमला। महज पांच मिनट में बिना दस्तावेज लोन देने का दावा करने वाले फर्जी मोबाइल ऐप्स अब युवाओं के लिए बड़ी मुसीबत बनते जा रहे हैं। साइबर ठग तुरंत कर्ज देने के बहाने मोबाइल की फोटो गैलरी और संपर्क सूची (कॉन्टैक्ट लिस्ट) तक पहुंच बनाकर निजी तस्वीरों के जरिए युवाओं को ब्लैकमेल कर रहे हैं। अकेले शिमला साइबर क्राइम सेल को पिछले एक महीने में ऐसी आठ शिकायतें मिली हैं, जिनमें शिमला सहित प्रदेश के कई जिलों के युवा शिकार हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि मूल रकम और ब्याज चुकाने के बाद भी पीड़ितों को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
कैसे बिछाते हैं ठग ब्लैकमेलिंग का जाल?
साइबर ठग सोशल मीडिया, मैसेज और फोन कॉल के जरिए 5 से 10 हजार रुपये तक के आसान लोन का लालच देते हैं। इसके बाद एक अनजान ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल की फोटो गैलरी और कॉन्टैक्ट लिस्ट का एक्सेस ले लिया जाता है। अनुमति मिलते ही ठग निजी डेटा चुरा लेते हैं और कर्ज की राशि से कई गुना अधिक पैसा वसूलने का दबाव बनाते हैं। पैसे न देने पर निजी तस्वीरें परिचितों को भेजने और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जाती है।
अग्रिम फीस और ओटीपी से खाते खाली करने का भी खतरा
ब्लैकमेलिंग के अलावा कम ब्याज और बिना गारंटी लोन के फर्जी ऑफर देकर बैंक खाते खाली करने के मामले भी बढ़ रहे हैं:
-
लोन मंजूर करने के नाम पर प्रोसेसिंग फीस, जीएसटी, बीमा और फाइल चार्ज के बहाने बार-बार पैसे जमा करवाए जाते हैं और फिर ठग संपर्क तोड़ देते हैं।
-
कई मामलों में बैंकिंग जानकारी और ओटीपी हासिल कर सीधे पीड़ितों के खातों से रकम उड़ाई जा रही है।
डीजीपी अशोक तिवारी की अपील— तुरंत 1930 पर करें कॉल
हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि लोन देने के नाम पर किसी भी अनजान ऐप को मोबाइल की फोटो गैलरी और संपर्क सूची का एक्सेस देना भारी पड़ सकता है। उन्होंने अपील की कि किसी भी संदिग्ध ऑफर या लिंक पर भरोसा न करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।




