सोलन। सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जिले में कार्यरत बैंकों को निर्देश दिए हैं कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME) स्थापित करने के लिए प्राप्त आवेदनों पर पात्रता के अनुसार शीघ्र कार्रवाई की जाए। इससे युवा उद्यमी समय पर अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे और अपनी व प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने में योगदान दे पाएंगे। उपायुक्त जिले के अग्रणी बैंक, यूको बैंक द्वारा आयोजित जिला सलाहकार समिति की 185वीं त्रैमासिक एवं जिला स्तरीय समीक्षा तथा यूको आरसेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
शिक्षा ऋण और ग्रामीण बैंकिंग सुविधा पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को गुणात्मक शिक्षा दिलाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत अधिकतम 20 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण का प्रावधान है और बैंकों को पात्र छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर यह ऋण उपलब्ध करवाना चाहिए। उन्होंने कृषि व पशुपालन विभाग को फसल और पशु बीमा के लिए किसानों को प्रेरित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग प्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर व जानकारी पंचायत स्तर पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। यूको आरसेटी को भी कृषि व्यवसाय से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों की संभावनाएं तलाशने और पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण शिविर व किसान क्रेडिट कार्ड मेले आयोजित करने को कहा गया।
बैठक में सामने आए ये आंकड़े
यूको बैंक की प्रबंधक तमन्ना मोदगिल ने बताया कि जिले में 30 सितंबर 2026 तक:
-
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 3,81,435 लाभार्थी जुड़े।
-
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से 1,49,885 और अटल पेंशन योजना से 99,773 लाभार्थी जोड़े गए।
-
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 6,462 लाभार्थियों को लगभग 174.39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
-
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोजगार मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 तक पंजीकृत 1,210 स्वयं सहायता समूहों को 24.26 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया।
वहीं, यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारिया ने जानकारी दी कि पिछली तिमाही में 10 प्रशिक्षण शिविरों के जरिए 284 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष शीला कुमारी, आरबीआई अधिकारी, अग्रणी बैंक के जिला अधिकारी इबादत सिंह सेठी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अशोक चौहान समेत विभिन्न विभागों व बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




