धर्मशाला/शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन की कार्यवाही अत्यंत गमगीन माहौल के बीच शुरू हुई। सदन में वर्तमान सदस्य एवं रामपुर के विधायक नंदलाल तथा पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दोनों दिवंगत नेताओं के सम्मान में सदन में शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने समर्थन किया।
आईटीबीपी कमांडो से चार बार विधायक बनने तक का सफर: सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शोक प्रस्ताव रखते हुए कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नंदलाल का 3 नवंबर 2026 को 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 16 अप्रैल 1954 को शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के गांव देवठी में जन्मे नंदलाल ने ग्रामीण परिवेश में शिक्षा प्राप्त करने के बाद आईटीबीपी अकादमी से प्रशिक्षण लेकर कमांडो दल में देश की सेवा की। वर्ष 2007 में केंद्रीय सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद वे रामपुर से पहली बार विधायक बने और इसके बाद 2012, 2017 तथा 2022 में लगातार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। वे मई 2013 से दिसंबर 2017 तक मुख्य संसदीय सचिव भी रहे।
स्वोर्ड ऑफ ऑनर विजेता और पांच बार के विधायक थे मेजर मनकोटिया
मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया के निधन पर भी गहरा दुख जताया, जिनका 29 सितंबर 2026 को 87 वर्ष की आयु में देहांत हो गया था। उन्होंने कहा कि 23 नवंबर 1939 को कांगड़ा जिले में जन्मे मनकोटिया का चयन वर्ष 1960 में भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून के लिए हुआ था। वर्ष 1962 में विशेष योग्यता के लिए ‘स्वोर्ड ऑफ ऑनर’ और स्वर्ण पदक के साथ वे सेना में नियुक्त हुए। वर्ष 1976 में सेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से 1982, 1985, 1990, 1993 और 2003 में पांच बार विधायक चुने गए। प्रदेश सरकार में उन्होंने 1995 से 1998 तक तथा मार्च 2003 से जुलाई 2004 तक पर्यटन, नागरिक उड्डयन एवं विधि मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।
दलगत राजनीति से परे थे दोनों नेता: जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शोक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि सदन ने अपने दो वरिष्ठ साथियों को खोया है। दोनों नेता दलगत तल्खी या राजनीतिक विरोध के बजाय एक विशुद्ध जनप्रतिनिधि के रूप में सटीक और रचनात्मक सुझाव देते थे। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि दोनों नेताओं ने स्वैच्छा से सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में कदम रखा और हमेशा अनुशासन में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दोनों नेताओं को ‘पक्का फाइटर’ बताते हुए कहा कि उन्होंने देश की सेवा करने के बाद प्रदेश के विकास में बड़ा योगदान दिया।
मनकोटिया के विकास के रोडमैप को आगे बढ़ाएंगे: पठानिया
शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार किया था और उसी को लेकर आगे बढ़ना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इसके अतिरिक्त विधायक विपिन सिंह परमार, मोहन लाल ब्राक्टा और डॉ. हंसराज ने भी शोक प्रस्ताव में शामिल होते हुए दोनों दिवंगत नेताओं के संस्मरण साझा किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
