शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में बस रूट बंद करने को लेकर क्षेत्रीय प्रबंधकों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है। हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष समर चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को शिमला में हुई बैठक में स्पष्ट किया गया कि निदेशक मंडल के फैसले के अनुसार कोई भी क्षेत्रीय प्रबंधक अपने स्तर पर संचालित रूट को बंद या फेल नहीं कर सकता, इसके लिए प्रबंध निदेशक (एमडी) की अनुमति अनिवार्य है। समिति ने इस नियम को सख्ती से लागू करने की मांग उठाते हुए कहा कि रूट प्रभावित होने से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के लोगों की आवाजाही बाधित होती है।
बैठक में निगम की कार्यशालाओं में स्पेयर पार्ट्स, लुब्रिकेंट्स ऑयल, टायरों और कर्मचारियों की भारी कमी को लेकर भी गहरी चिंता जताई गई, जिससे बसों के रखरखाव और मौजूदा स्टाफ की कार्यक्षमता पर बुरा असर पड़ रहा है। समिति ने निर्णय लिया है कि जल्द ही प्रबंध निदेशक से मुलाकात कर एक संशोधित मांगपत्र सौंपा जाएगा, जिसमें कर्मचारियों की लंबित मांगों के साथ-साथ निगम की परिचालन व्यवस्था और कार्यशालाओं की स्थिति सुधारने के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
