धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंगलवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लाए गए स्थगन प्रस्ताव की चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की बेशकीमती जमीनों और सरकारी संपत्तियों को बेचने की तैयारी का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि क्या ‘हिमाचल ऑन सेल’ है। उन्होंने दावा किया कि सरकार शिमला की पहचान माने जाने वाले ऐतिहासिक होटल पीटरहॉफ और दिल्ली स्थित सौ करोड़ की संपत्ति को पीपीपी मोड पर देने जा रही है, जबकि तपोवन स्थित विधानसभा भवन को भी बेचने का विचार चल रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बद्दी के मेडिकल डिवाइस पार्क की जमीन का लैंड यूज बदलकर प्लॉट बेचने और हिम चंडीगढ़ के पीछे भूमि मामले में बड़े गोलमाल की आशंका जताते हुए इसमें दिल्ली के नेताओं के संरक्षण और हस्तक्षेप का आरोप लगाया।
जयराम ठाकुर के इन आरोपों पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष पूरी तरह आधारहीन बातें कर रहे हैं और उनके पास बोलने के लिए कोई ठोस विषय नहीं था। अग्निहोत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार न तो पीटरहॉफ को बेच रही है और न ही तपोवन विधानसभा परिसर या प्रदेश की किसी अन्य संपत्ति को बेचने का कोई सौदा किया गया है। उन्होंने जयराम ठाकुर को चुनौती दी कि यदि उनके पास दिल्ली के किसी नेता के दबाव या संपत्ति बेचने से जुड़ा कोई प्रमाण है, तो वे सदन में दस्तावेज पेश करें। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भी हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट किया कि सरकार के पास विधानसभा भवन को बेचने का कोई अधिकार नहीं है, जबकि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने भी मेडिकल डिवाइस पार्क की जमीन को लेकर सरकार का पक्ष रखा।
