शिमला। लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर हिमाचल प्रदेश के पेंशनर्स ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। प्रदेश के जिला मुख्यालयों में छह दिन तक चले सांकेतिक धरने के बाद अब हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में 19 नवंबर को धर्मशाला के दाड़ी मेला मैदान से विशाल आक्रोश रैली निकालकर तपोवन विधानसभा का घेराव किया जाएगा। समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा, प्रेस सचिव लायक राम शर्मा और जिला शिमला के संयोजक मोहन ठाकुर ने संयुक्त बयान में कहा कि शिमला में मंगलवार को मशोबरा ब्लॉक अध्यक्ष रतन सिंह वर्मा की अध्यक्षता में 76 पेंशनर्स के साथ धरना संपन्न हुआ, जबकि हमीरपुर और कांगड़ा में यह 18 नवंबर को भी जारी रहेगा।
पदाधिकारियों ने बताया कि 19 नवंबर को सुबह 11 बजे समिति के चेयरमैन सुरेश ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेशभर के पेंशनर्स धर्मशाला में जुटेंगे। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों को भी लागू नहीं किया जा रहा है और मधु देष्टा बनाम सरकार मामले में आए फैसले को तत्काल लागू किया जाना चाहिए। शिमला के अंतिम दिन के धरने में वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा, उपाध्यक्ष बुद्धि राम जस्ता, जिला अध्यक्ष भाग चंद चौहान, सिटी अध्यक्ष मदन शर्मा, ओपी चौहान, कामराज जिंटा, सुरेंद्र शर्मा, पूर्ण चंद शर्मा, रमेश ठाकुर, योगराज शर्मा, सुदामा शर्मा, सुंदर शर्मा, देवेंद्र केवला और प्रेम प्रकाश खत्री सहित कई पेंशनर्स मौजूद रहे।
