बिलासपुर। सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मंगलवार को घुमारवीं उपमंडल के हटवाड़ (गलाही) में दावा किया कि बिलासपुर के लोगों का वर्षों पुराना रेल का सपना मार्च 2028 तक साकार होने की उम्मीद है और तब तक क्षेत्र में ट्रेन का हूटर सुनाई देने लगेगा। लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित हटवाड़ कृषि सेवा सहकारी सभा समिति के भवन की दूसरी मंजिल का उद्घाटन करने पहुंचे सांसद ने कहा कि रेल संपर्क जुड़ने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ-साथ व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए लगातार आर्थिक सहयोग दे रही है, लेकिन राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं का पैसा लेकर केवल अपने नाम की पट्टिकाएं लगाने और श्रेय लेने में जुटी है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि बीबीएमबी से प्रदेश को रॉयल्टी दिलाने के लिए भाजपा ने अधिकार यात्रा से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक संघर्ष किया है और किसाऊ बांध भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है, जबकि कांग्रेस का प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई में कोई योगदान नहीं रहा। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने भी राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विकास को गति देने के बजाय पूर्व में चल रहे संस्थानों और सुविधाओं को बंद कर रही है। समिति के प्रधान हेमराज शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस समारोह में जोरावर सिंह, ब्रह्मदास गौतम, जमना देवी, रक्षा कपिल, रतन धीमान, यशपाल सिंह, मनीष, राजेश कुमार, अमरनाथ और गुड्डी देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed