रामपुर। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष दिवंगत नंद लाल को बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए देवठी में हजारों की संख्या में लोग उमड़े। परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी देवठी पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद रहे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

ठियोग विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राकेश सिंघा ने भी देवठी पहुंचकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान नेताओं ने नंद लाल के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना प्रदेश की राजनीति और विशेषकर रामपुर क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। नंद लाल ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में रामपुर क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। चार बार विधायक रहे नंद लाल ने अपनी सादगी, जनसंपर्क और राजनीतिक कार्यशैली से क्षेत्र के लोगों के बीच अलग पहचान बनाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed