नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का ऐलान कर दिया है। सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने गुरुवार को दिल्ली में घोषणा की कि यदि ज्ञानेश कुमार ने 48 घंटों में इस्तीफा नहीं दिया, तो पूरे देश में चुनाव आयोग के खिलाफ मुहिम चलाई जाएगी। इसके बाद दिल्ली में जंतर-मंतर 2.0 भी चलाया जाएगा। सीजेपी ने चुनाव आयोग और सरकार के सामने तीन मांगें रखीं हैं। पहली, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हो। उनके खिलाफ तुरंत आपराधिक मुकदमा दायर किया जाए। जांच हो कि उन्हें कौन आदेश दे रहा था। दूसरी, आगामी सभी चुनावों पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी जाए। जनवरी 2024 के वोटर लिस्ट को बहाल किया जाए और एसआईआर को रोका जाए।
सुप्रीम कोर्ट एसआईआर से जुड़े सभी फाइलों को सीज करे। तीसरी, 2023 के कानून उस कानून को वापस लिया जाए, जो चुनाव आयुक्तों को कानूनी कार्रवाई से संरक्षण प्रदान करता है और नया कानून बनाया जाए, जिसमें सिविल सोसाइटी की भागीदारी हो। अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर 48 घंटे में ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया, तो कॉकरोच जनता पार्टी देशव्यापी आंदोलन चलाएगी और बाद में दिल्ली में भी बैठेगी और तब तक नहीं उठेगी, जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते। दीपके ने कहा कि हम सभी राज्यों के सभी शहरों में जाएंगे और लोगों को जागरूक करेंगे, जैसे जंतर-मंतर आंदोलन से पहले हम देशभर में गए थे, उसी तरह ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशभर में जाएंगे। अभी भी जब हम जा रहे हैं, तो लोग कह रहे हैं कि सबसे बड़ा मुद्दा वोट की चोरी है, चुनाव में गड़बड़ी है। लोगों में पहले से गुस्सा है। अच्छा होगा कि वह इस्तीफा दे दें।
