Spread the love

हमीरपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना को एसजेवीएनएल से वापस लेगी और इसके लिए 800 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। प्रदेश सरकार हिमाचल के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला के धनेटा में एम्स स्तरीय आयुर्वेदिक कालेज बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए प्रदेश सरकार की तरफ से बिड भरी गई है। इस तरह के कालेज भारत सरकार ओपन बीडिंग से देती है। केंद्र सरकार की तरफ से इसके लिए प्रदेश सरकार से 74 एकड़ जमीन तथा 300 करोड़ रुपए मांगे गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज को लेकर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा किए जा रहे दावे सही नहीं हैं। यह मेडिकल कॉलेज भाजपा की देन नहीं, बल्कि तत्कालीन प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था।

उनके विधायक कार्यकाल के दौरान मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए फोरेस्ट क्लीयरेंस करवाई गई और अब यह कॉलेज दो महीने में बनकर शुरू हो जाएगा। इससे लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हमीरपुर से मुख्यमंत्री नहीं बनता, तो मेडिकल कॉलेज में केवल चार दीवारें ही खड़ी रहतीं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र ने इसके निर्माण के लिए कोई मदद नहीं दी और राज्य सरकार ने अपने बजट से 450 करोड़ रुपए दिए हैं। उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार पर हमीरपुर जिला की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी मेडिकल कॉलेज में उत्तर भारत का पहला कैंसर इंस्टीट्यूट बनाया जा रहा है। इसे जापान के सहयोग से करीब 500 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के निर्माण के लिए भी 150 करोड़ रुपए दिए गए हैं और जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लुथान में 150 करोड़ रुपए की लागत से सुखाश्रय परिसर बनाया जा रहा है। वहीं, नादौन में ब्यास नदी के किनारे 400 करोड़ रुपए की लागत से रिवर फ्रंट विकसित किया जा रहा है। यहां ब्यास आरती भी शुरू की जाएगी। अमतर के पास जल्द ही एक और पुल बनाया जाएगा और जिला की सभी सडक़ों को डबल लेन करने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनी हुई सरकार को गिराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भगवान और जनता दोनों सरकार के साथ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed