शिमला। रोटरी क्लब ऑफ शिमला रॉयल और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (SJPNL) के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) मेहली में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संग्रहण (रेनवाटर हार्वेस्टिंग) विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पानी के महत्व, घटते जल संसाधनों की चुनौती और वर्षा जल को एकत्रित कर उसके सदुपयोग की तकनीकों के बारे में विस्तार से समझाया। वक्ताओं ने बच्चों को जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर भी एक विशेष सत्र रखा गया। इसमें आईजीएमसी शिमला के सामुदायिक चिकित्सा विभाग (कम्युनिटी मेडिसिन) के चिकित्सकों ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल और जरूरी सावधानियों के बारे में जागरूक किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण एवं जल संरक्षण की भावना विकसित करने के साथ-साथ किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर शिक्षित करना रहा।
