हमीरपुर। हमीरपुर में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और सदर के विधायक आशीष शर्मा के बीच राजनीतिक बयानबाजी चर्चा में रही है। बुधवार को भाजपा प्रदर्शन में भी विधायक ने प्रदेश सरकार के खिलाफ कई सवाल उठाए थे। अब इसी प्रदर्शन से जुड़े बयानों को लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामला पुलिस जांच के दायरे में आ गया है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार के खिलाफ बयानबाजी को लेकर हमीरपुर सदर विधायक आशीष शर्मा के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस में शिकायत कांग्रेस नेता व एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा की ओर से दी गई थी। यह मामला बुधवार को गांधी चौक पर भाजपा की ओर से किए गए रोष प्रदर्शन के दौरान विधायक की ओर से सरकार पर लगाए गए आरोपों से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है और सदर थाना पुलिस में केस दर्ज किया गया है।
आरोप गलत, तो करें मानहानि का दावा
विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उनके खिलाफ यह तीसरी एफआईआर दर्ज की गई है जबकि अब तक कुल मिलाकर मुझ पर और मेरे परिवार के खिलाफ आठ एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अब 10 से 11 माह का समय बचा है। मुख्यमंत्री अपनी इच्छाएं पूरी कर लें और जितनी मर्जी से जांच करवा लें। विधायक ने कहा कि यदि उनके द्वारा लगाए गए आरोप गलत या तथ्यहीन हैं तो सरकार अदालत में जाकर उनके खिलाफ मानहानि का दावा कर सकती है।
