हमीरपुर। ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एआईएलयू) हिमाचल प्रदेश का दो दिवसीय पांचवां राज्य सम्मेलन हमीरपुर में संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 130 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें 50 महिला अधिवक्ता, 10 विद्यार्थी और तीन अकादमिक प्रतिनिधि शामिल रहे। सम्मेलन में नई राज्य कार्यकारिणी का निर्वाचन करते हुए निरंजन वर्मा को प्रदेश अध्यक्ष, सुरेंद्र वर्मा को सचिव और अशोक वर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया।सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति सत्येन वैद्य मुख्य अतिथि, जबकि यूनियन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनिल चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अनिल चौहान ने संविधान, लोकतंत्र और असहमति के अधिकार की रक्षा का आह्वान किया। वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार काउंसिल सदस्य संजीव भूषण ने निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के कानूनी और संवैधानिक पहलुओं पर व्याख्यान दिया।सम्मेलन में 41 सदस्यीय राज्य परिषद और 15 सदस्यीय राज्य सचिवालय का गठन किया गया। अधिवक्ताओं की समस्याओं, युवा एवं महिला अधिवक्ताओं के अधिकारों, अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम और नए अधिवक्ताओं के लिए अनिवार्य मानदेय सहित विभिन्न मुद्दों पर चार प्रस्ताव पारित किए गए। इस अवसर पर सम्मेलन की विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed