शिमला। पत्रकारिता केवल समाचारों के संप्रेषण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पत्रकारिता की वास्तविक पहचान किसी बड़े मीडिया संस्थान से जुड़ने या हाथ में कैमरा होने से नहीं, बल्कि पत्रकार की विश्वसनीयता, तथ्यपरकता, पेशेवर आचरण और जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता से होती है। एक छोटे संस्थान में कार्य करने वाला व्यक्ति भी अपनी निष्पक्षता और जिम्मेदार कार्यशैली से उत्कृष्ट पत्रकारिता कर सकता है। ये विचार उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को बचत भवन शिमला में ‘राष्ट्रीय प्रेस दिवस’ के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए। इस वर्ष प्रेस दिवस का मुख्य विषय ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ रहा।
जल्दबाजी में अपुष्ट सूचनाएं पहुंचाना ठीक नहीं: डीसी
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी पत्रकार बंधुओं को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दौर में हर व्यक्ति सबसे पहले सूचना देने की होड़ में है, जिससे कई बार अपुष्ट सूचनाएं जनता तक पहुंच जाती हैं और भ्रम पैदा होता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में संयम, विवेक और तथ्यों की पुष्टि अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने रामपुर के लवी मेले और महिला स्वयं सहायता समूहों की सफलता की कहानियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मीडिया सकारात्मक बदलाव का बड़ा माध्यम है। साथ ही उन्होंने भट्टाकुफर टनल के समीप सुरक्षा उपायों और आगामी पर्यटन सीजन में यातायात प्रबंधन में मीडिया के सकारात्मक सहयोग की अपील की।
एआई और डीपफेक के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता और बढ़ी: गौरव सिंह
समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने कहा कि पत्रकारिता का मूल आधार निष्पक्षता और सच्चाई है। आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक के दौर में भ्रामक सामग्री तैयार करना आसान हो गया है, ऐसे में किसी भी वीडियो या फोटो को सत्यापित किए बिना प्रकाशित करना उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को कानून व्यवस्था और जनविश्वास के लिए आवश्यक बताया।
सत्य, विवेक और जनहित ही पत्रकारिता का मूल धर्म: संजीव शर्मा
विषय वक्ता एवं पीआईबी शिमला के सहायक निदेशक (मीडिया एवं संचार) संजीव शर्मा ने ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सनसनीखेज प्रस्तुतीकरण कुछ समय के लिए ध्यान खींच सकता है, लेकिन पत्रकारिता की वास्तविक पूंजी जनता का विश्वास है। उन्होंने डीपफेक तकनीक और डिजिटल सुरक्षा की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि तकनीक की निगरानी से अधिक महत्वपूर्ण पत्रकारिता की नैतिकता और आत्मानुशासन है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में सही समय पर सही सूचना के संप्रेषण के महत्व को रेखांकित किया।
70 से अधिक पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
समारोह के दौरान जिला लोक संपर्क अधिकारी सिम्पल सकलानी ने मुख्य अतिथि व विशेष अतिथियों को टोपी व शाल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सहयोग से पत्रकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें 70 से अधिक पत्रकारों और अन्य लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस दौरान शिमला जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल मीडिया से जुड़े तमाम पत्रकार उपस्थित रहे।
