धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर आज राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के गौरवशाली 100 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय शताब्दी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए। इस ऐतिहासिक अवसर पर पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक आशीष बुटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।समारोह में पहुंचने पर महाविद्यालय परिवार एवं पूर्व छात्र संघ (OSA) द्वारा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का स्नेहपूर्ण एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक इस अवसर पर अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की 100 वर्षों की यह गौरवशाली यात्रा शिक्षा, संस्कार, शैक्षणिक उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक रही है। उन्होंने महाविद्यालय के 100 वर्ष पूर्ण होने पर समस्त महाविद्यालय परिवार, पूर्व छात्रों एवं विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयां हासिल करने की कामना की।
शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद इस भव्य कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली और उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह सहित महाविद्यालय प्रशासन व शिक्षा विभाग के कई अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
