सोलन : आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने शिमला में प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने लाखों कर्मचारियों की मांग को पूरा करते हुए ओल्ड पेंशन लागू कर दी है। जिससे अब हिमाचल के कर्मचारियों को भरोसा हो गया है कि आम आदमी पार्टी ही ओपीएस दे सकती है। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी जो कहती है वह करती है। पंजाब में ओपीएस लागू करने के लिए सुरजीत ठाकुर ने संयोजक केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि हिमाचल के कर्मचारी कहते थे कि जब पंजाब में ओपीएस लागू नहीं किया तो हिमाचल में कैसे करेंगे। अब पंजाब के मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कर दी है। सुरजीत ठाकुर ने हिमाचल के लाखों कर्मचारियों से अपील की है कि वह चुनावों में आम आदमी पार्टी को वोट दें। सरकार बनने के बाद सबसे पहले ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया जाएगा।
एनपीएस केंद्र की भाजपा सरकार और प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने लागू की, यह देश का सबसे बड़ा घोटाला : आप
सुरजीत ठाकुर ने कहा कि ओल्ड पेंशन स्कीम का खत्म कर न्यू पेंशन स्कीम को भाजपा के केंद्र सरकार और हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने लागू किया। न्यू पेंशन स्कीम देश का सबसे बड़ा घोटाला है जिसमें कर्मचारियों के द्वारा ईमानदारी से कमाया गया पैसे में घोटाला हो रहा है। कर्मचारियों का 10 फीसदी और सरकार का 14 फीसदी एनएसडीएल नाम की कंपनी में डाला जाता है जिस कंपनी का कोई पता ही नहीं है कि उसका मुख्यालय कहां है। कर्मचारियों का पैसा स्टेट बैंक, एलआईसी और यूटीआई में लगाया जाता है। वहां से यह पैसा लोगों को लोन दिया जाता है। इस पैसे से आम आदमी को तो लोन मिलता नहीं हैं लेकिन भाजपा सरकार के उद्योगपति मित्रों को करोड़ों का कर्ज दिया जाता है। जब कर्ज ज्यादा हो जाता है तो भाजपा सरकार अपने उद्योगपति मित्रों का कर्जा माफ कर देती है। यह करोड़ों के घोटाले का खेल चल रहा है। पंजाब में अब न्यू पेंशन स्कीम का खेल बंद हो गया है। हिमाचल में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर यहां भी कर्मचारियों के ईमानदारी की कमाई पर घोटाला बंद होगा और कर्मचारियों को ओपीएस का लाभ दिया जाएगा। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि एनएसडीएल एक डाटा ऑपरेटिंग सिस्टम है। अगर सुबह कर्मचारी के खाते में 18 लाख बता रहा है तो शाम होते होते वह 8 लाख हो जाता है। शेयर मार्केट डाउन हो गया तो खाते में पैसे कम हो जाते हैं। भाजपा की सरकार कर्मचारियों को बिजनेस मेन बनाना चाहती है। इससे पहले आप देखा कि भाजपा की सरकार ने किसानों की आय दोगुनी कराने के लिए चार काले कानून थोप दिए। 13 महीने किसान आंदोलन करते रहे और फिर काले कानून वापस लेना पड़ा। उसी तर्ज पर न्यू पेंशन स्कीम का धंघा बंद होगा। केजरीवाल ने कहा था कि एनएसडीएल के पास जो पैसा कर्मचारियों का गया है वो वापस मिलना चाहिए। केजरीवाल की सोच यह भी है कि कर्मचारियों की पाई पाई वापस दिलाई जाएगी। संघर्ष जारी रहेगा और यह संकल्प 2024 में पूरा होगा। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के कर्मचारियों का 6600 करोड़ रुपए एनएसडीएल के पास चले गए हैं। इस साल 11 सौ करोड़ एनएसडीएल के पास जाएगा। यह पैसा प्रदेश में होता तो इससे प्रदेश में विकास होगा। कर्मचारियों के पेंशन की लायबिलिटी है वो 4 अरब के करीब है। हिमाचल की सरकार 11 सौ करोड़ रुपए सरकार एनएसडीएल को दे रही है। यह गोरखधंधा चल रहा है और पिछले दरवाजे उद्योगपतियों के पास जा रहा है।
सुरजीत ठाकुर ने कर्मचारियों से अपील की है कि हिमाचल के चुनावों में आम आदमी पार्टी को वोट दें। हिमाचल के सभी कर्मचारियों को उनका अधिकार वापस दिलाया जाएगा। प्रदेश में आप की सरकार बनते ही एक माह के अंदर ओपीएस लागू किया जाएगा। इसके साथ ही केजरीवाल की सभी 11 गारंटियों को पूरा किया जाएगा।
