शिमला| सूबे में IPS अधिकारी रामेश्वर सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शिमला के जुब्बड़हट्टी निवासी रामेश्वर सिंह ठाकुर वर्तमान में पुलिस में महानिरीक्षक (IG) इंटेलिजेंस के पद पर कार्यरत हैं।वह 9 साल तक प्रधानमंत्री की सुरक्षा में हाजिर SPG में सेवाएं दे चुके हैं। 2016 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। वह 1990 में भारतीय सेना से बतौर कैप्टन सेवानिवृत्त हुए। 1994 में वह पुलिस सेवा में शामिल हुए।
डॉ. रचना गुप्ता का पता कटा
सरकार ने बीते 17 अगस्त को HPPSC सदस्य डॉ. रचना गुप्ता को अध्यक्ष बनाने की अधिसूचना जारी की थी। इनके साथ तीन सदस्यों के तौर पर राकेश शर्मा, राजेश शर्मा और ओपी शर्मा का चयन किया गया। राजभवन ने शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी कर ली थी लेकिन देर रात शपथ ग्रहण को टाल दिया गया।
इस बीच डॉ.रचना गुप्ता ने आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ लेने में असमर्थता जताई। इसके बाद डॉ. रचना गुप्ता को अध्यक्ष बनाने की अधिसूचना वापस लेने की फाइल सरकार ने राजभवन भेजी गई। अब रामेश्वर सिंह को नया चेयरमैन बनाया गया है लेकिन सरकार ने डॉ. ओपी शर्मा की जगह प्रो. नैन सिंह को नया सदस्य बनाने का निर्णय लिया है। चेयरमैन समेत सदस्य की शपथ का कार्यक्रम अभी तय नहीं है।
