सोलन शहर से निकल कर मायानगरी में अपने दमदार अभिनय के दम पर पहचाने बनाने वाले निशांत तनवर इन दिनों बड़े पर्दे पर छाए हुए हैं। शुक्रवार को रिलीज हुई कामेडी फिल्म तीन श्याने में निशांत तनवर लीड रोल में है। फिल्म के ट्रेलर व गानों को पहले ही दर्शक खूब पसंद कर चुके हैं। सोलन शहर के लिए यह बड़ी उपलब्धि है कि साधारण परिवार से निकल कर एक युवा कलाकार बालीवुड फिल्म में अपनी मेहनत के दम पर लीड रोल निभा रहा है।
मुंबई से दैनिक जागरण के साथ बातचीत में निशांत तनवर ने बताया कि वीरवार को ही फिल्म का प्रीमियर रखा गया था, जिसके लिए सोलन से मम्मी-पापा भी आए हैं। वह दोनों थियेटर में लगे पोस्टरों में मेरी फोटो व फिल्म देखकर दिल से खुश नजर आए। निशांत ने बताया कि फिल्म में असरानी, टिक्कू तलसानिया, मुकेश खन्ना, राकेश बेदी, हिमानी शिवपुरी, जरीना वहाव और प्रियांशु चटर्जी जैसे बड़े कलाकार हैं।
निशांत तनवर ने बताया कि सोलन के थियेटर में भी सात दिन तक यह फिल्म दर्शकों को देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि आज ही पोस्टर वहां के लिए भेजे हैं। शनिवार को वहां पोस्टर लग जाएंगे और फिर सात दिन तक इस फिल्म का हर रोज एक शो लगेगा। निशांत तनवर ने बताया कि वह कसौली उपमंडल के बुघारकनैता गांव के रहने वाले हैं, लेकिन बचपन से ही सोलन शहर में रह रहे हैं। वह एक दशक से भी ज्यादा समय से मुंबई में काम कर रहे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सोलन के सेंट ल्यूक्स स्कूल व गीता आदर्श विद्यालय से हुई है।
निशांत तनवर इससे पहले स्टार प्लस पर प्रसारित हो चुके धारावाहिक आरंभ, दूरदर्शन के धारावाहिक कल हमारा है, सब टीवी के अम्माजी की गली-गली, सावधान इंडिया, सर्विस वाली बहू, ये है आशिकी, अदालत आदि धारावाहिकों सहित कई विज्ञापन में अभिनय कर चुके हैं। इसके अलावा वह बालीवुड फिल्म कानू में दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के साथ अभिनय कर चुके हैं, हालांकि अभी तक यह फिल्म आई नहीं है।
