हिमाचल विधानसभा चुनाव में टिकट आवंटन से पहले प्रदेश कांग्रेस सर्वे करेगी। इसमें जीत की क्षमता रखने वाले नेताओं को ही प्रत्याशी बनाया जाना है। कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यालय शिमला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देखा गया है कि गलत टिकट आवंटन का नुकसान पार्टी को उठाना पड़ता है, इसलिए भाई भतीजावाद के आधार पर नहीं बल्कि जीतने की क्षमता के आधार पर टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टिकट आवंटन के दौरान कई बार महत्वपूर्ण बात को ध्यान में नहीं रखा जाता है।

हर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के कई दावेदार होते हैं। ऐसे में निर्णय लिया है कि सर्वे को टिकट का आधार बनाया जाएगा। जीतने की क्षमता रखने वालों को ही टिकट दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट जिसे भी मिले, उसकी जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी पूरी एकजुटता से काम करेंगे।

विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति विधानसभा क्षेत्र के हिसाब से एक रिपोर्ट तैयार करेगी। यह रिपोर्ट दो माह के भीतर तैयार कर हाईकमान को भेजी जाएगी। रिपोर्ट में चुनाव प्रबंधन के लिए सुझाव दिए जाएंगे।

विधानसभा चुनाव में पार्टी एक नई रणनीति के तहत मैदान में उतरते हुए बेहतर प्रदर्शन कर सके, इसी कड़ी में 29 मई को धर्मशाला में एक बैठक होगी। बैठक चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक रामलाल ठाकुर की अध्यक्षता में होगी। बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए चर्चा की जाएगी कि कैसे बूथ, ब्लाक, जिला व प्रदेश स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जा सके। बैठक में अनिरुद्ध सिंह, रघुवीर सिंह बाली और कुलदीप पठानिया मौजूद रहेंगे।

You missed