शिमला। हिमाचल निजी बस ऑपरेटर संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रधान राजेश पराशर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में सभी यूनियन के प्रधान एवं अन्य सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में निर्णय लिया कि जो निर्णय कैबिनेट में सरकार द्वारा पारित किए गए हैं उससे निजी बस ऑपरेटर सहमत नहीं है तथा अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। बैठक की जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रदेश महासचिव रमेश कमल ने कहा है कि प्रदेश के निजी बस ऑपरेटरो को उम्मीद थी कि 25 जून को होने वाली कैबिनेट बैठक में निजी बस ऑपरेटरो के हित में सरकार द्वारा कोई ना कोई निर्णय लिया जा सकता है लेकिन सरकार ने ना जाने किस कारण निजी बसों की समस्याओं पर गौर नहीं किया जिससे निजी बस ऑपरेटर और परेशान हो गया है।
बैठक को सम्बोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश पराशर में कहा कि सरकार ने बिना किसी मापदंड से प्रदेश में बसें चलाने का निर्णय लिया है जबकि ग्राउंड में वास्तविकता कुछ और ही है। सरकार ने 7:00 बजे से 7:00 बजे तक बसें चलाने का आदेश दिए है जबकि लम्बे रूट की अधिकतर बसों की समय सारणी 7 बजे से पहले भी है इस कारण निजी बस ऑपरेटर को अपनी बसें चलाने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने हैरानी जतायी कि सरकार ने बसों में तो 100% क्षमता की घोषणा कर ली है जबकि शादी ब्याह में 50 लोगो से ज़्यादा संख्या नहीं जुट सकती, सरकार ने इस निर्णय से अपना पल्ला झाड़ा है। उन्होंने बताया कि सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि 30 जून तक अगर सरकार निजी बस ऑपरेटरों को अन्य राहत नहीं देती है तो 1 जुलाई से हिमाचल प्रदेश के निजी बस ऑपरेटर अपनी बसें खड़ी करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह सरकार को धमकी नहीं है ना ही सरकार के विरोध के लिए करेंगे लेकिन प्रदेश के निजी बस ऑपरेटर की हालत यह हो गई है कि वह बस चलाने में सक्षम नहीं है ऐसे मैं सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि जो कुछ लोग बसें चला भी रहे हैं उन बसों को भी 1 जुलाई के बाद खड़ा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय निजी बस ऑपरेटर ने मजबूरी में लिया है तथा यह तय है कि प्रदेश की निजी बस ऑपरेटर बिल्कुल भी गाड़ी चलाने में सक्षम नहीं है। जो लोग वीडियो कॉन्फ्रेंस में नहीं जुड़ सके उन्होंने फ़ोन के माध्यम से ही बसें ख़डी करने की सहमति जताई जिसमे कांगड़ा से हैप्पी अवस्थी तथा ऊना से पवन ठाकुर शामिल है।
बैठक में जिला सोलन के प्रधान जॉनी मेहता, शिमला के प्रधान जय गोपाल राजटा, रामपुर के प्रधान मनीष शर्मा, सिरमौर के प्रधान मामराज शर्मा, बिलासपुर के प्रधान राजेश पटियाल, अनिल कुमार मिंटू, मंडी के प्रधान सुरेश ठाकुर, हंस ठाकुर, कांगड़ा के प्रधान शर्मा रवि दत्त शर्मा, हमीरपुर के विजय ठाकुर, शिमला शहर यूनियन के प्रधान रोशन लाल, अमित चड्ढा, नालागढ़ के मनोज ठाकुर, कुल्लू से नरेश क़रीर, ऊना से संदीप, सुखदेव सहित दो महिलाये भी शामिल थे।
