नाहन| सूबे में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले गिरीपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा देने की घोषणा से जहां भाजपा यहां पर खुद को सेफ समझ रही थी, मगर अब गिरीपार क्षेत्र का मुद्दा ही भाजपा के गले की फांस बनता जा रहा है।भाजपा नेताओं को आस थी कि गिरिपार को जनजातीय दर्जा देने की घोषणा के बाद जिला सिरमौर की शिलाई, रेणुकाजी व पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में उन्हें सीधा लाभ मिलेगा, मगर यहां पर इसके उलट भाजपा को कोई खास लाभ मिलता नहीं दिखाई दे रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को नोहराधार में स्टार प्रचारक के रूप में भाजपा के केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव ने जनसभा की और इसमें 1 हजार से भी कम लोगों की भीड़ जुटी।
गुर्जर समुदाय को 7.5 फीसदी आरक्षण प्राप्त
वहीं नाहन विधानसभा क्षेत्र में भी गिरीपार मुद्दे का विपरीत असर पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में गुर्जर समुदाय को 7.5 फीसदी जनजातीय श्रेणी का आरक्षण प्राप्त है। गुर्जर समुदाय गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा देने की घोषणा के बाद 7.5 फीसदी आरक्षण को गिरीपार के आरक्षण से अलग रखने की मांग करते आ रहे हैं। चुनाव आचार संहिता शुरू होने तक प्रदेश सरकार या स्थानीय नेताओं द्वारा गुर्जर समुदाय की मांग पर कोई सुनवाई नहीं की गई।
समुदाय के लोग भाजपा से नाराज चल रहे
बताया जा रहा है कि सुनवाई न होने से गुर्जर समुदाय के लोग भाजपा सरकार से नाराज चल रहे हैं। अब मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, भाजपा-कांग्रेस नेताओं की धड़कन गुर्जर समुदाय की चुप्पी पर तेज होती जा रही है। कुछ दिन पूर्व गुर्जर समुदाय के नेताओं ने भाजपा व कांग्रेस के अपने-अपने पदों से त्यागपत्र दे दिए थे, जिसके बाद गुजर समुदाय के इक्का-दुक्का कार्यकर्ताओं को छोड़कर कोई भी कार्यकर्ता भाजपा या कांग्रेस की साथ नहीं जा रहा है।
नाहन विधानसभा क्षेत्र में गुर्जर समुदाय की करीब 7500 वोट हैं, जो चुनाव में निर्णायक साबित हो सकती हैं। भाजपा-कांग्रेस के नेता गुर्जर समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बात तो कर रहे हैं, मगर समुदाय अभी तक किसी भी पार्टी को समर्थन देने को लेकर चुप्पी साधे हुए है।
