सुंदरनगर| जिला मंडी के पुलिस थाना सुंदरनगर में एक महिला ने युवक पर उसके साथ जबरदस्ती करने व उसकी अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने का आरोप लगाया है। यही नहीं महिला ने बताया कि युवक ने वीडियो वायरल न करने को लेकर उससे 40 हजार रूपए की नकद राशि भी वसूली, जो उसने अपने गहने बेचकर उसे दी। लेकिन इसके बावजूद भी युवक द्वारा उसकी वीडियो को वायरल किया गया। महिला ने युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

वहीं पुलिस ने भी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला ने शिकायत में बताया है कि करीब एक माह पूर्व वह शहर के एक ढाबे में काम करती थी। वहां पर एक लड़के ने पहले उसके साथ जबरदस्ती की और उसकी अश्लील वीडियो भी बना दी। इसके कुछ दिनों बाद महिला ने ढाबे में काम छोड़ दिया। काम छोड़ने के उपरांत युवक ने उसे फोन कर वीडियो की एवज में पैसे की मांग की और साथ ही उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
युवक ने महिला को कहा कि अगर वह उसे पैसे नहीं देगी तो उसका वीडियो वायरल कर देगा। महिला ने अपने गहने बेचकर युवक को 40 हजार की राशि दी और वीडियो वायरल न करने को कहा। लेकिन महिला के अनुसार युवक ने उसकी वीडियो भी वायरल कर दी और उसके साथ मारपीट भी की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 376,323,506 IPC के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

You missed