हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय शिमला से लेकर जिलाधीश कार्यालय तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘जुमलों की बारिश’ के विरोध में छाता खोलकर प्रदर्शन किया। प्रदेश युकां अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि पूरा प्रदेश इस आस में था कि प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश के लिए कोई स्पेशल पैकेज जारी करेंगे, लेकिन प्रधानमंत्री की रैली केवल ‘मैं’ से शुरू होकर ‘मेरी’ पर खत्म हो गई। प्रधानमंत्री लाभार्थियों की संख्या गिनवा रहे थे, लेकिन युवा कांग्रेस प्रधानमंत्री से हानिग्रस्त लोगों की संख्या गिनवाना चाहती है। प्रधानमंत्री यह क्यों नहीं बता पाए कि कोविड में 47 लाख भारतीयों की जान गई, जीएसटी से 40 करोड़ दुकानदार और परिवारों को नुकसान हुआ। घरेलू महिलाओं को महंगे करियाना सामान से हानि हुई, बार-बार पेपर लीक से बेरोजगार युवाओं की हानि, किसान आंदोलन में 700 किसानो की मौत से परिवारजनों की हानि, महंगे खाद बीज और फसल के कम दाम से किसान की कितनी हानि हुई।
निगम भंडारी ने कहा कि प्रदेश में अब कोई भी प्रधानमंत्री मोदी के भाषणों को अब गंभीरता से क्यों लेगा? क्योंकि मोदी अपने चुनावी भाषणों में दो लाख रोजगार हर वर्ष युवाओं को देने की बात करते थे। रोजगार देना तो दूर की बात इन्हीं के नोटबंदी और अनियोजित लाकडाउन जैसे निर्णयों ने करोड़ों नौकरियां छीन लीं। केंद्र के बाद प्रदेश में डबल इंजन की सरकार लाने के लिए मोदी ने युवाओं को कई लालच दिए। आज वही डबल इंजन की प्रदेश सरकार और प्रशासन पुलिस भर्ती पेपर 8-10 लाख में गली-गली बेच रहा है। इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमित पठानिया, महासचिव सुरजीत भरमौरी, हेमंत शर्मा, महेश ङ्क्षसह ठाकुर, मनोज ठाकुर, शिवम राणा, विनय हेटा व अन्य युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
