प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मंच पर आने से लेकर जाने तक पूरी तरह से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ‘बैकअप’ किया। प्रधानमंत्री के साथ लगती सीट पर बैठने के लिए जब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपना संबोधन पूरा कर वापस आए तो नरेन्द्र मोदी ने विशेष तौर पर उनकी पीठ थपथपाई। इससे उन्होंने पूरी रैली नहीं बल्कि हिमाचल में संकेत दिया कि आज भी जयराम के पीछे मोदी खड़ा है। इसके बाद जब प्रधानमंत्री ने अपना संबोधन शुरू किया तो केंद्रीय योजनाओं में बेहतर काम करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम को न केवल शाबाशी दी बल्कि साफ कहा कि उनकी कर्मठता और ईमानदारी के कारण हिमाचल ने कई केंद्रीय योजनाओं में पहला स्थान प्राप्त किया है। जयराम ठाकुर को अपना मित्र कहकर वह उनके विरोधियों को साफ संकेत दे गए हैं कि प्रदेश भाजपा में गुटबाजी कर कोई लाभ नहीं होगा।
कुछ न कहकर भी बहुत कुछ कह गए मोदी
मंच से महज मुख्यमंत्री को ही पूरी तरह से तरजीह देकर दूसरे धड़े को कुछ भी न कहकर साफ संकेत दिया है कि भाजपा में जो साथ नहीं होगा, उसे कोई तव्वजो नहीं दी जाएगी। इससे आने वाले चुनाव में भाजपा को किसी तरह की गुटबाजी का सामना न करना पड़े इसकी भी तैयारी प्रधानमंत्री कर गए हैं। राजनीतिक गलियारों में प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद चर्चा है कि मुख्यमंत्री के विरोधी धड़े के बारे में कुछ भी न कहना और उनका नाम से मंच से न लेना काफी कुछ कहता है। महज मुख्यमंत्री का नाम ही मंच से कई बार दोहराना भी हिमाचल में भविष्य की राजनीति के लिए भी कड़ा संकेत दे दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम करवाकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कड़ा जवाब दिया है कि वह आज भी केंद्र व पार्टी हाईकमान में कितने मजबूत हैं। हालांकि पहले राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम हिमाचल से होने का सपना भी नहीं देखा जा सकता था, इसका कारण हिमाचल का कम राजनीतिक महत्व माना जाता था। इसके बावजूद राज्य को इतना अधिमान मिलना खुद भी छोटे पहाड़़ी राज्य के लिए बड़ा सम्मान है।
