Spread the love

नई दिल्ली। आज लगातार चौथे दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं। कंपनियों ने बुधवार को पेट्रोल की कीमत में 40 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 45 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। इसके बाद अब देश की राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 73 रुपये से बढ़कर 73.40 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसी तरह डीजल की कीमत 71.17 रुपये से बढ़कर 71.62 रुपये प्रति लीटर हो गई। कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत क्रमश: 75.36, 80.40 और 77.43 रुपये प्रति लीटर है।

डीजल की बात करें, तो इन महानगरों में इसका दाम क्रमश: 67.63, 70.35 और 70.13 रुपये है।पिछले चार दिन में तेल की कीमतें दो रुपये से भी ज्यादा बढ़ी हैं। पेट्रोल 2.14 रुपये प्रति लीटर महंगा (Costly) हुआ है और डीजल के दाम में 2.23 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। अनलॉक वन में अब निजी वाहनों और ऑटो-टैक्सी आदि को चलने की अनुमति दे दी गई है, जिसके चलते पेट्रोल-डीजल की मांग बढ़ी है। तेल कंपनियों ने 83 दिनों तक कीमतों की समीक्षा स्थगित रखी। अब कीमत में दैनिक बदलाव की प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है।

ऐसे जानिए आपके शहर में पेट्रोल-डीजल के दाम
पेट्रोल-डीजल की कीमत आप SMS के जरिए जान सकते हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, आपको RSP और अपने शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा। हर शहर का कोड अलग-अलग है, जो आपको आईओसीएल की वेबसाइट से मिल जाएगा। बता दें कि प्रति दिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। सुबह छह बजे से ही नई दरें लागू हो जाती हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम में कीमत में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है।

You missed